राज्यसभा की 12 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 16 अक्टूबर को मतदान

नई दिल्ली, 22 सितंबर। चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल की एक सीट के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। कुल 12 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।

आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। उत्तर प्रदेश से जिन प्रमुख सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव के अलावा अरुण सिंह, बृजलाल, बीएल वर्मा, नीरज शेखर, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, रामजी, सीमा और दिनेश शर्मा शामिल हैं। उत्तराखंड से नरेश बंसल का कार्यकाल भी 25 नवंबर को समाप्त होगा।

वहीं, पश्चिम बंगाल में रुक्मिणी मलिक के इस्तीफे के कारण खाली हुई राज्यसभा सीट को भरने के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। इस सीट पर भी 16 अक्टूबर को ही मतदान होगा।

चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य मतदान करते हैं।

आयोग ने मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए मतपत्र पर वरीयता अंकित करने के लिए निर्धारित बैंगनी रंग के स्केच पेन के इस्तेमाल का प्रावधान किया है। ये पेन निर्वाचन अधिकारियों की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में इन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.