नई दिल्ली। मोबाइल उपभोक्ताओं, खासकर उन लोगों के लिए जो इंटरनेट डेटा का कम या बिल्कुल इस्तेमाल नहीं करते, दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने राहत की व्यवस्था की है। ट्राई ने टेलीकॉम कंपनियों को केवल कॉल और एसएमएस की सुविधा वाले सस्ते रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। नए नियमों का उद्देश्य ग्राहकों को उनकी जरूरत और बजट के अनुसार अधिक विकल्प उपलब्ध कराना है।
दूरसंचार मंत्रालय के अनुसार, ट्राई ने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026 जारी किया है। नियामक ने समीक्षा के दौरान पाया कि पिछले संशोधन के बाद कई कंपनियां मुख्य रूप से लंबी वैधता वाले वॉयस और एसएमएस पैक उपलब्ध करा रही थीं। इससे कम अवधि और कम कीमत वाले विकल्प सीमित हो गए थे।
नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को उन सभी वैधता अवधि के लिए केवल वॉयस और एसएमएस वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर (STV) उपलब्ध कराने होंगे, जिन अवधि के लिए वे डेटा सहित रिचार्ज प्लान पेश करती हैं। इसका मतलब है कि ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक छोटी अवधि का रिचार्ज भी चुन सकेंगे और अनावश्यक डेटा के लिए भुगतान करने से बच सकेंगे।
ट्राई ने रिचार्ज की वैधता को लेकर भी एक व्यवस्था की है। कुछ प्लान में हर महीने एक निश्चित तारीख को स्वत: नवीनीकरण की सुविधा दी जा सकेगी। यदि किसी महीने में तय तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने की अंतिम तारीख को वैधता समाप्त मानी जाएगी।
इसके अलावा कंपनियों के लिए कम से कम एक ऐसा लंबी वैधता वाला प्लान रखना भी जरूरी होगा, जिसमें सिर्फ कॉल और एसएमएस की सुविधा हो।
ट्राई के मुताबिक इन प्रावधानों से खास तौर पर उन ग्राहकों को लाभ मिलेगा, जिन्हें मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं है और वे फोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से बातचीत तथा संदेश भेजने के लिए करते हैं। नए नियमों के बाद उपभोक्ताओं के पास अपनी जरूरत और आर्थिक क्षमता के अनुसार रिचार्ज चुनने के अधिक विकल्प होंगे।