मुंबई महाराष्ट्र के भंडारा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसा लाखनी तहसील के पिंपलगांव के पास नागपुर-रायपुर हाईवे पर हुआ, जहां एक बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग वाहन के अंदर फंस गए।
हाईवे पुलिस के अनुसार, बोलेरो में छत्तीसगढ़ की कुछ महिलाएं और अन्य मजदूर सवार थे, जो नागपुर की ओर जा रहे थे। पिंपलगांव इलाके में पेट्रोल पंप और भाऊचा ढाबा के समीप हाईवे के किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान बोलेरो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल बताए गए हैं। वहीं, हादसे में घायल नौ लोगों को तत्काल भंडारा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही गड़ेगांव स्थित हाईवे पुलिस रिलीफ सेंटर के प्रमुख रवींद्र रेवतकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भंडारा पुलिस के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस और बचाव दल की मदद की।
पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।