After Header-1

हरियाणा में दर्दनाक हादसा, धार्मिक यात्रा पर निकले 6 श्रद्धालुओं की मौत

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ हरियाणा के पलवल में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खाटूश्याम और वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप केएमपी एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जिले के किशनी क्षेत्र से श्रद्धालुओं का एक जत्था मैक्स पिकअप वाहन से धार्मिक यात्रा पर निकला था। सोमवार शाम श्रद्धालुओं ने राजस्थान स्थित खाटूश्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वे वृंदावन की ओर रवाना हुए। इसी दौरान मंगलवार सुबह पलवल में केएमपी एक्सप्रेसवे पर पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मैनपुरी निवासी विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश के रूप में हुई है। दुर्घटना में 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल पलवल के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हादसे की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हरियाणा सरकार से संपर्क कर घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के शवों को उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

धार्मिक यात्रा के दौरान हुए इस हादसे से मैनपुरी के किशनी क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा दुख है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.