नई दिल्ली। अगस्त 2026 में देश के जीएसटी कलेक्शन में जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 1 सितंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में सरकार का सकल जीएसटी कलेक्शन सालाना आधार पर 14.8 फीसदी बढ़कर 1,99,853 करोड़ रुपये पहुंच गया। अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 1,74,116 करोड़ रुपये था। यानी एक साल में सकल जीएसटी संग्रह में करीब 25,737 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 में नेट जीएसटी राजस्व 1,68,057 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष के इसी महीने के 1,55,181 करोड़ रुपये से 8.3 फीसदी अधिक है। चालू वित्त वर्ष में अब तक नेट जीएसटी राजस्व 9 फीसदी बढ़कर 8,89,523 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 8,15,939 करोड़ रुपये था।
अगस्त में सकल घरेलू जीएसटी राजस्व भी मजबूत रहा। यह 9.3 फीसदी बढ़कर 1,37,249 करोड़ रुपये हो गया, जबकि अगस्त 2025 में घरेलू जीएसटी संग्रह 1,25,570 करोड़ रुपये था। वहीं, आयात से प्राप्त सकल जीएसटी राजस्व में 29 फीसदी की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई और यह 62,604 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल अगस्त में यह 48,546 करोड़ रुपये था।
चालू वित्त वर्ष के दौरान सकल आयात जीएसटी राजस्व 27.3 फीसदी बढ़कर 3,06,387 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 2,40,596 करोड़ रुपये था। इस तरह वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक कुल सकल जीएसटी कलेक्शन 11 फीसदी बढ़कर 10,42,757 करोड़ रुपये हो चुका है।
अगस्त में जीएसटी रिफंड में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। कुल रिफंड 67.9 फीसदी बढ़कर 31,795 करोड़ रुपये रहा। इसमें घरेलू रिफंड 72.6 फीसदी बढ़कर 18,490 करोड़ रुपये और निर्यात रिफंड 61.8 फीसदी बढ़कर 13,305 करोड़ रुपये रहा। रिफंड के बाद नेट घरेलू राजस्व 3.4 फीसदी बढ़कर 1,18,759 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, नेट कस्टम्स राजस्व 22.3 फीसदी बढ़कर 49,299 करोड़ रुपये रहा।