देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए कुल 53.72 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से सीवरेज, राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण, धार्मिक स्थलों के विकास और सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार जैसे कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले के रामनगर शहर में सीवरेज योजना के जोन-1 के तहत मौजूदा 7 एमएलडी सीवेज शोधन संयंत्र से जुड़े ट्रंक एवं शाखा सीवर निर्माण के लिए 42.75 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे शहर की सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश के राजस्व कार्यालयों में स्थित राजस्व अभिलेखागारों के आधुनिकीकरण के लिए भी 10 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके तहत राजस्व परिषद, मंडलायुक्त कार्यालय और जिला कार्यालयों सहित संबंधित अभिलेखागारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित प्रसिद्ध मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं प्रांगण विस्तार के लिए 98.28 लाख रुपये की स्वीकृत राशि के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 58.968 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।
देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत 142.89 लाख रुपये के सापेक्ष अवशेष 39 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी मुख्यमंत्री ने प्रदान की है। संबंधित शासनादेश जारी कर दिया गया है।
इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड में स्वर्गीय जगमोहन सिंह नेगी राज्य मार्ग मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अवतार सिंह के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है। यह मार्ग लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-रथुवाड़ाब-धुमाकोट मार्ग से संबंधित है।
सरकार के इन फैसलों से विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था के आधुनिकीकरण और धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण को गति मिलने की उम्मीद है।