कश्मीर में तीन ऑपरेशन, आठ संदिग्ध गिरफ्तार; हथियारों का जखीरा बरामद

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए तीन अभियानों के दौरान सुरक्षाबलों ने आठ संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्करों (आतंकी सहयोगियों) को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान ग्रेनेड, पिस्तौल, गोलियां, एके मैगजीन, मोबाइल फोन और प्रतिबंधित आतंकी संगठन से जुड़ी सामग्री बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने शोपियां जिले के इमामसाहिब इलाके में एक बाग में तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक ग्रेनेड, दो एके मैगजीन, चार मोबाइल फोन और प्रतिबंधित आतंकी संगठन के पोस्टर बरामद किए गए। इस मामले में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान आशिक हुसैन कुमार, आरिफ कुमार और हैरिस मंजूर के रूप में हुई है।

इसी जिले में सोमवार देर रात एक अन्य अभियान के दौरान तीन और संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्करों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड और हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बरामद किए जाने का दावा किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जुनैद अहमद डार, आमिर यूसुफ और जुनैद मुजफ्फर के तौर पर हुई है।

तीसरी कार्रवाई यारवान जंगल क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी सूचना के आधार पर की गई। संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान दो संदिग्ध लोगों को जंगल से सीबी नाथ गांव की ओर आते देखा गया। सुरक्षाबलों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया। तलाशी में एक पिस्तौल, उसकी 12 गोलियां और एक हैंड ग्रेनेड बरामद होने की जानकारी दी गई। पकड़े गए लोगों की पहचान लतीफ अहमद दीदाद और एजाज अहमद बजाद के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, संबंधित मामलों में आर्म्स एक्ट और गैर-कानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां गिरफ्तार लोगों की गतिविधियों, बरामद हथियारों और गोला-बारूद के स्रोत तथा उनके संभावित संपर्कों का पता लगाने में जुटी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.