After Header-1

महंगाई पर सीएम धामी का बड़ा एक्शन, जमाखोरी करने वालों पर कसेगा शिकंजा

देहरादून। प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण और आम जनता को उचित दरों पर सामान उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के जरिए आवश्यक वस्तुओं के दाम कृत्रिम रूप से बढ़ाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत सभी संबंधित विभाग बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार नजर रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से निर्धारित या उचित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

सीएम धामी ने बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी वस्तु की मांग बढ़ती है या आपूर्ति प्रभावित होती है तो समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में नियमित बाजार निरीक्षण कराने के भी निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित मूल्य और बाजार में प्रचलित कीमतों की जांच के साथ दुकानदारों और व्यापारियों के स्टॉक की स्थिति पर भी नजर रखने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं जमाखोरी, कालाबाजारी, मुनाफाखोरी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर लोगों के घरेलू बजट पर पड़ता है। इसलिए मूल्य नियंत्रण की व्यवस्था को प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा बाजार की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा। साथ ही किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर बिना देरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.