राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस का बड़ा आयोजन, गिनाए आधुनिक भारत के योगदान

देहरादून। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस सेवादल की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजीव भवन, 21 राजपुर रोड स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उनके राजनीतिक जीवन और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने की, जबकि प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने संचालन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके सम्मान में नारे लगाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को याद किया।

इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी ने कहा कि राजीव गांधी को सूचना क्रांति का जनक और आधुनिक भारत का निर्माता कहा जाता है। उन्होंने कहा कि देश में तकनीकी विकास को गति देने, पंचायतों को मजबूत करने और युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने में राजीव गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा था। सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के लिए उनके द्वारा उठाए गए कदमों का दूरगामी प्रभाव पड़ा। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए राजीव गांधी का योगदान हमेशा स्मरण किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी के विचारों और आधुनिक तकनीक को लेकर उनकी सोच ने भारत के विकास की दिशा को प्रभावित किया। कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और देशहित में योगदान देने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, विनोद चौहान, सोनिया आनंद, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, सुजाता पॉल, नीरज त्यागी, गोपाल सिंह गड़िया, सावित्री थापा और पंकज क्षेत्री सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं सेवादल कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.