किरण बेदी की नेताओं को दो टूक, हर 1-2 महीने जनता के बीच जाएं

कोलकाता। पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने लोकतंत्र में जनता की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताते हुए सत्ता में बैठे नेताओं को जवाबदेही सुनिश्चित करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि देश में वास्तविक बदलाव केवल सरकार बदलने से नहीं आएगा, बल्कि इसके लिए नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। जनता को अपने प्रतिनिधियों से सवाल पूछने और उनके कामकाज पर नजर रखने की जरूरत है।

कोलकाता के गोलपार्क स्थित रामकृष्ण मिशन इंस्टीट्यूट ऑफ कल्चर में आयोजित अमृता डागा मेमोरियल लेक्चर में पहुंचीं किरण बेदी ने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका केवल मतदान करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नेताओं से हर एक-दो महीने में टाउन हॉल बैठकें आयोजित करने की अपील की, ताकि जनप्रतिनिधि सीधे लोगों की समस्याएं सुन सकें और उनके सवालों का जवाब दे सकें।

बेदी ने कहा कि टाउन हॉल बैठकों को विरोध या टकराव के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को अपनी बात रखने और जनप्रतिनिधियों से सवाल करने का अवसर देने पर जोर दिया। उनके मुताबिक, इससे प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ेगी और नेताओं को जमीनी समस्याओं को समझने में मदद मिलेगी।

पूर्व आईपीएस अधिकारी ने कहा कि नेताओं को जनता से संवाद के लिए ईमेल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करानी चाहिए। जब जनप्रतिनिधि चुनाव के दौरान लोगों की सेवा करने का वादा करते हैं, तो जनता को उनके काम, फैसलों और सार्वजनिक धन के इस्तेमाल को लेकर सवाल पूछने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि समस्याएं सामने नहीं आएंगी तो उनके समाधान की संभावना भी कम हो जाएगी।

किरण बेदी ने अपराध और नशे जैसी सामाजिक समस्याओं से निपटने में परिवार, स्कूल और स्थानीय समुदाय की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को मजबूत समुदाय के निर्माण में उपयोगी बताया।

तिहाड़ जेल में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए बेदी ने कहा कि हर कैदी के पीछे एक अलग कहानी होती है। कई लोगों ने गलत फैसलों के कारण अपना जीवन मुश्किल बना लिया। उन्होंने कहा कि नया भारत एक दिन में तैयार नहीं होगा। इसके लिए नागरिकों और नेतृत्व दोनों को लगातार धैर्य, साहस, सतर्कता और सही निर्णय के साथ आगे बढ़ना होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.