देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 और युवा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में नए दाखिले लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, तकनीक, रोजगार और विद्यार्थियों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान भी किए।
मुख्यमंत्री ने दून विश्वविद्यालय में करीब 11 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से तैयार बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन भी विद्यार्थियों को समर्पित किया गया। विश्वविद्यालय में नए कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम की भी शुरुआत की गई। माना जा रहा है कि यह रेडियो स्टेशन विश्वविद्यालय और स्थानीय समुदाय के बीच संवाद का नया माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दून विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय का नाम अब बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा कम्युनिटी रेडियो स्टेशन के बेहतर संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद सृजित किए जाएंगे।
छात्रों की परिवहन सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय में दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था करने की घोषणा भी की गई। इससे विद्यार्थियों को आने-जाने में सुविधा मिलने के साथ पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने दून विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभागों को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन विभागों को इस तरह विकसित किया जाएगा कि विश्वविद्यालय के साथ-साथ राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी कौशल आधारित शिक्षा मिल सके। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के बदलते अवसरों के लिए तैयार करना है।
इसके तहत स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चीनी और जापानी भाषाओं के विभागों में जरूरत के अनुसार पदों का सृजन किया जाएगा। सरकार का मानना है कि विदेशी भाषाओं का ज्ञान युवाओं के लिए देश और विदेश में रोजगार के नए रास्ते खोल सकता है।
मुख्यमंत्री के इन ऐलानों से दून विश्वविद्यालय में शिक्षा, अनुसंधान, आधुनिक सुविधाओं और रोजगारपरक कौशल विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।