83 की उम्र में भी बिग बी का जुनून कायम, KBC सेट पर पहुंचते ही करते हैं ये काम

मुंबई,   ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन की वापसी से पहले शो के डायरेक्टर अरुण शेषकुमार ने अमिताभ बच्चन के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया है। उन्होंने बिग बी की कार्यशैली और शो के प्रति उनकी गंभीरता की जमकर तारीफ की। अरुण के मुताबिक 83 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन की सक्रियता और काम के प्रति समर्पण देखकर हर कोई प्रभावित होता है।

अरुण शेषकुमार ने बताया कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को करीब 26 साल हो चुके हैं, लेकिन अमिताभ बच्चन आज भी हर एपिसोड को उसी उत्साह से करते हैं, जैसे वह शो की शुरुआत का पहला एपिसोड शूट कर रहे हों। उनके मुताबिक अमिताभ का काम करने का तरीका वर्षों बाद भी लगभग वैसा ही है।

डायरेक्टर ने बताया कि सेट पर पहुंचते ही अमिताभ सबसे पहले स्क्रिप्ट पढ़ते हैं। हालांकि क्विज आधारित रियलिटी शो होने के कारण पूरे एपिसोड की स्क्रिप्ट पहले से तय नहीं होती। शो की शुरुआत और अंत को व्यवस्थित तरीके से लिखा जाता है, जबकि बीच का बड़ा हिस्सा होस्ट और कंटेस्टेंट के बीच होने वाली बातचीत पर निर्भर करता है।

यही वजह है कि अमिताभ बच्चन हर कंटेस्टेंट के बारे में पहले से जानकारी हासिल करते हैं। अरुण के अनुसार शूटिंग से पहले करीब 10 संभावित कंटेस्टेंट्स की पूरी प्रोफाइल तैयार की जाती है और अमिताभ उनके जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को पढ़ते हैं। हॉट सीट पर पहुंचने के बाद वह कंटेस्टेंट के जीवन, संघर्ष और अनुभवों से जुड़े सवाल करते हैं। यही सहज बातचीत लंबे समय से KBC की पहचान बनी हुई है।

अरुण ने यह भी बताया कि अमिताभ इतने वर्षों बाद भी शो के रचनात्मक पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उन्हें किसी हिस्से में बदलाव जरूरी लगता है या कोई क्रिएटिव सुझाव देना होता है तो वह अपनी बात जरूर रखते हैं। सेट पर उनके सुझावों को काफी महत्व दिया जाता है।

डायरेक्टर के मुताबिक अमिताभ बच्चन केवल KBC के होस्ट नहीं हैं, बल्कि शो के मजबूत सपोर्ट सिस्टम भी हैं। उनकी मौजूदगी और अनुभव ने इस शो को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.