NCERT को मिला डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा, अब रिसर्च और पीएचडी पर होगा बड़ा फोकस

नई दिल्ली। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) को अब संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिल गया है। शिक्षा मंत्रालय ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद 30 मार्च 2026 को इसकी अधिसूचना जारी की। यह दर्जा UGC अधिनियम, 1956 की धारा 3 के तहत प्रदान किया गया है।

शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने सोमवार को लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि NCERT के डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा दिए जाने के आवेदन की UGC की विशेषज्ञ समिति ने UGC (संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटीज) विनियम, 2023 के प्रावधानों के तहत विस्तृत जांच की थी।

विशेषज्ञ समिति ने NCERT के कामकाज और उपलब्ध संसाधनों का समग्र मूल्यांकन करने के बाद इसे संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा देने की सिफारिश की। इसके बाद UGC की सलाह के आधार पर शिक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में फैसला लिया।

हालांकि, NCERT को यह दर्जा कुछ शर्तों के साथ दिया गया है। मंत्रालय के अनुसार, संस्थान को शैक्षिक अनुसंधान कार्यक्रमों के साथ-साथ डॉक्टोरल और नवाचार आधारित अकादमिक कार्यक्रम शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने होंगे। इससे NCERT के शोध और उच्च शिक्षा से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

सरकार का मानना है कि डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने के बाद NCERT की शैक्षिक अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में भूमिका और मजबूत होगी। संस्थान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने का भी अवसर मिलेगा। इसके अलावा शिक्षा क्षेत्र में एक थिंक टैंक और राष्ट्रीय संसाधन संस्थान के रूप में NCERT की भूमिका को और विस्तार मिलने की संभावना है।

NCERT देश की शिक्षा व्यवस्था में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। यह केंद्र और राज्य सरकारों को तकनीकी सहायता देने के साथ पाठ्यक्रम, शैक्षिक नीतियों, अनुसंधान और नवाचार से जुड़े विषयों पर काम करता है।

डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने के बाद संस्थान के लिए उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के नए अवसर खुलेंगे। अब निगाह इस बात पर होगी कि NCERT इस नई शैक्षणिक स्वायत्तता का इस्तेमाल किस तरह करता है और शोध एवं डॉक्टोरल कार्यक्रमों को किस स्तर तक विस्तार देता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.