मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। बालाजी नगर-गंगारामवाड़ी इलाके में स्थित कोहिनूर अपार्टमेंट के अचानक गिरने से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार लोग घायल हैं। घायलों का इलाज इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है। मलबे में अभी भी कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है।
हादसे के बाद एनडीआरएफ, टीडीआरएफ और स्थानीय दमकल विभाग की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। अब तक मलबे से 14 लोगों को बाहर निकाला गया है, जिनमें 10 की मौत हो चुकी है और चार घायल हैं।
मृतकों में उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के एक ही परिवार और रिश्तेदारी से जुड़े चार लोग भी शामिल हैं। इनमें अशोक कुमार पासवान और राकेश कुमार पासवान सगे भाई थे। मुकेश कुमार पासवान अशोक के मामा का बेटा और किश कुमार पासवान रिश्तेदार थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शमीम शेख, रंजीत सिंह, सिराज रसूल शेख, संतोष कुमार पांडे, शमीम अंसारी, अशोक कुमार पासवान, राकेश कुमार पासवान, मुकेश कुमार पासवान और किश कुमार पासवान समेत एक अन्य के रूप में हुई है।
मृतक अशोक कुमार की पत्नी ने बताया कि वह शवों को गोंडा ले जाना चाहती हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति खराब है। उन्होंने दावा किया कि एंबुलेंस संचालक शव ले जाने के लिए करीब सवा लाख से डेढ़ लाख रुपये मांग रहे हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि घटनास्थल पर चोरी-छिपे मरम्मत का काम किया जा रहा था, जो बेहद गंभीर और अक्षम्य है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मंत्री गिरीश महाजन ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित कर खाली कराया जा चुका था। इसके बावजूद भूतल पर मरम्मत का काम जारी था। इसी दौरान हादसा हुआ और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बचाव अभियान जारी है।