75 लाख से बना मॉडल स्कूल, अब बच्चों को मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं

रुद्रपुर/गदरपुर। ऊधम सिंह नगर में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दुर्गापुर नंबर-2 के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने किया। ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड ने अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि से करीब 75 लाख रुपये की लागत से इस आधुनिक विद्यालय भवन का निर्माण कराया है।

लोकार्पण समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विद्यालय के आधुनिक डिजाइन और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहली आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालय के रखरखाव को और प्रभावी बनाने के लिए कंपनी के दो प्रतिनिधियों को विद्यालय प्रबंधन समिति में शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही कंपनी से खटीमा ब्लॉक के किसी अन्य सरकारी विद्यालय को भी सीएसआर के तहत गोद लेने का आग्रह किया।

ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के निदेशक नागराज गार्वेश्वरी ने बताया कि दो मंजिला भवन में पांच आधुनिक कक्षाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, स्टोर रूम और स्टाफ रूम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि कंपनी विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अपने खर्च पर दो अतिरिक्त शिक्षकों की भी व्यवस्था करेगी।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी शावेज आलम, प्रधानाध्यापक अजीत कुमार, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.