देहरादून। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून की ओर से 21 से 23 जुलाई 2026 तक चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में “विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)” विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास और आजीविका से जुड़ी पहलों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प में लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि कार्यक्रम के दौरान आकर्षक चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों और विकसित भारत अभियान की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में यह भी दिखाया जाएगा कि सरकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव आए हैं।
तीन दिवसीय कार्यक्रम में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत विशेष जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया जाएगा। इसके अलावा विद्यार्थियों और आमजन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिससे लोगों की सहभागिता बढ़ाई जा सके।
कार्यक्रम स्थल पर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सूचना स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां विशेषज्ञ लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लाभार्थियों को मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही आमजन के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में जौनसार क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। स्थानीय कलाकार पारंपरिक लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुत कर क्षेत्र की संस्कृति से लोगों को रूबरू कराएंगे।
कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं से 21 से 23 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता पहुंचकर कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।