कोलकाता। पश्चिम बंगाल में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी), कोलकाता ने सोमवार को कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होगी। अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, हवा में नमी 80 से 90 प्रतिशत तक रहने के कारण लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है।
कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। वहीं पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा तथा पुरुलिया में भी तेज बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी मानसून का असर साफ दिखाई दे रहा है, जहां कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।
इसके अलावा मालदा, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम, पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि पूरे सप्ताह बंगाल में मानसून सक्रिय रहेगा। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।