दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने का मिशन, अमित शाह ने किया बड़ा ऐलान

दिल्ली को अधिक हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने 70 लाख पौधारोपण अभियान की शुरुआत कर दी है। इस महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि राजधानी के रिज क्षेत्र को आने वाले वर्षों में दिल्ली के “ग्रीन लंग्स” के रूप में विकसित किया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि वर्तमान में रिज क्षेत्र में बड़ी संख्या में कांटेदार बबूल और अन्य ऐसे पेड़ मौजूद हैं, जो देखने में तो हरे-भरे लगते हैं, लेकिन पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के लिहाज से अपेक्षित लाभ नहीं देते। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार अब इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर देशी और दीर्घायु प्रजातियों के पौधे लगाने जा रही है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1994 में 7,784 हेक्टेयर रिज क्षेत्र को भारतीय वन अधिनियम के तहत अधिसूचित किया गया था, लेकिन इसकी अंतिम अधिसूचना पिछले तीन दशकों से लंबित थी। अब सरकार ने इस दिशा में तेजी से काम करते हुए लगभग 5,000 हेक्टेयर क्षेत्र को वन क्षेत्र घोषित कर दिया है और शेष क्षेत्र को भी जल्द कानूनी संरक्षण देने की प्रक्रिया जारी है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि अगले तीन वर्षों में रिज क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से पीपल, बरगद, नीम, गूलर, अर्जुन और जामुन जैसे देशी एवं लंबे समय तक जीवित रहने वाले वृक्ष लगाए जाएंगे। इन पेड़ों से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि भूजल संरक्षण, जैव विविधता और वायु गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की भी सराहना करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। इस अभियान में नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है। परिषद ने 600 पेड़ और 50 हजार झाड़ियां लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस अवसर पर दिल्ली सरकार की कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। इनमें नरेला में हाई सिक्योरिटी जेल का शिलान्यास, स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र, तीन नए डिपो का उद्घाटन और 300 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की शुरुआत प्रमुख रही।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.