देहरादून शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आपदा के समय त्वरित राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने शुक्रवार को क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) सेवा की शुरुआत की। इस नई पहल के तहत नगर निगम ने पांच विशेष QRT वाहनों को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया है, जो आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई करेंगे।
कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा और देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया। इस दौरान नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय, उप नगर आयुक्त तनवीर मरवाह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और पार्षद मौजूद रहे।
नगर निगम के अनुसार प्रत्येक क्विक रिस्पॉन्स टीम में छह प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की गई है। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराना, प्राकृतिक या मानवजनित आपदाओं के दौरान तत्काल राहत कार्य करना और शहर में विशेष परिस्थितियों में सफाई व्यवस्था को तेजी से बहाल करना है।
प्रत्येक QRT वाहन को आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है। इनमें ग्रास कटिंग मशीन, बेलचा, फावड़ा, गैंती, सब्बल, झाड़ियां काटने के उपकरण, कुल्हाड़ी, रस्सियां और सुरक्षा किट सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों की मदद से टीम किसी भी आपात स्थिति में तेजी से राहत और सफाई कार्य कर सकेगी।
नगर निगम ने बताया कि QRT सड़क दुर्घटनाओं या प्राकृतिक आपदाओं के बाद मलबा हटाने, जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों की तत्काल सफाई, सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई, बड़े आयोजनों के दौरान अतिरिक्त स्वच्छता व्यवस्था तथा आग जैसी आपात स्थितियों में आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही नागरिकों की आकस्मिक स्वच्छता संबंधी शिकायतों का भी शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा और महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि यह पहल शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि क्विक रिस्पॉन्स टीम के माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं मिलेंगी और आपदा या विशेष परिस्थितियों में राहत कार्य पहले की तुलना में अधिक तेज़ और प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।