एलपीजी टैंकर से गैस लीक, सेकंडों में बना आग का गोला, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

कौशाम्बी जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। सिरोही टोल प्लाजा के पास एलपीजी टैंकर के गैस रिसाव के बाद हुए विस्फोट में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें हादसे के कुछ ही सेकंड पहले टैंकर से तेजी से गैस निकलती दिखाई देती है और फिर देखते ही देखते पूरा इलाका आग के गोले में बदल जाता है।

जानकारी के अनुसार, कानपुर से वाराणसी जा रहा एलपीजी टैंकर सिरोही टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर पलटते हुए टोल प्लाजा से जा भिड़ा। टक्कर के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में एलपीजी गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही क्षणों में जोरदार धमाका हुआ और आग ने टैंकर के साथ टोल प्लाजा के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में टैंकर चालक धर्मेंद्र द्विवेदी, जो मिर्जापुर का निवासी था, केबिन में ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। आग की लपटों में घिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहे कई कर्मचारी भी आग की चपेट में आ गए। इलाज के दौरान हीरामन सिंह और कृष्णपाल मौर्य ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई, जबकि दो अन्य कर्मचारियों का अस्पताल में उपचार जारी है।

भीषण आग की वजह से 16 मोटरसाइकिलें और दो कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद करीब दो किलोमीटर दूर तक काले धुएं का गुबार और ऊंची उठती आग की लपटें दिखाई देती रहीं। आग टोल प्लाजा परिसर, यार्ड और पास स्थित टॉयलेट ब्लॉक तक फैल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने अपनी गाड़ियां छोड़कर जान बचाने के लिए दौड़ लगा दी।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और टक्कर के बाद हुए गैस रिसाव को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.