मानसून से पहले धामी सरकार अलर्ट, अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून सीजन से पहले संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को और मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईटी पार्क, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मानसून पूर्व मॉक ड्रिल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को प्रभावी आपदा प्रबंधन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में आपदा प्रबंधन केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, त्वरित निर्णय, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉक ड्रिल केवल औपचारिक अभ्यास नहीं, बल्कि राहत एवं बचाव तंत्र, संसाधनों की उपलब्धता और संचार व्यवस्था की वास्तविक क्षमता का परीक्षण है।

धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन को केवल राहत कार्यों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जोखिम न्यूनीकरण और पूर्व चेतावनी प्रणाली को भी समान प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित अर्ली वार्निंग सिस्टम, डिजिटल मॉनिटरिंग, ड्रोन सर्विलांस, जीआईएस मैपिंग, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और डेटा आधारित जोखिम आकलन जैसी आधुनिक तकनीकों को तेजी से लागू किया जा रहा है, ताकि समय रहते संभावित खतरों का सटीक अनुमान लगाकर जन-धन की हानि को कम किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल के दौरान सामने आई कमियों का गंभीरता से विश्लेषण कर 72 घंटे के भीतर विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजी जाए। उन्होंने आम लोगों को आपदा सुरक्षा उपायों और आपातकालीन संपर्क नंबरों की जानकारी देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) और सभी 13 जिलों की जिला आपदा प्रबंधन योजनाओं (डीडीएमपी) का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग द्वारा आधुनिक राहत एवं बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें अंडरवाटर ड्रोन, थर्मल इमेजिंग कैमरा, नाइट विजन सिस्टम और अन्य अत्याधुनिक उपकरण आकर्षण का केंद्र रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.