मतदाता सूची से आपका नाम तो नहीं छूट रहा? जिला प्रशासन ने जारी की बड़ी अपील

 देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत देहरादून जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को जिला कार्यालय स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतंत्र की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए राजनीतिक दलों, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) का समन्वित सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं और प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा रहा है।

जिलाधिकारी के अनुसार देहरादून जनपद के कुल 13,76,813 मतदाताओं में से 13,55,948 यानी 98.48 प्रतिशत मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। इनमें से 10,98,179 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है, जबकि 1,42,485 प्रपत्रों की डिजिटल प्रक्रिया शेष है। वर्तमान में केवल 1,36,149 मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त होना बाकी है।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंचकर समय पर गणना प्रपत्र जमा कराने में सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिन मतदाताओं तक किसी कारणवश प्रपत्र नहीं पहुंच पाए हैं, उनकी स्थानीय स्तर पर जांच कर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट जैसी श्रेणियों की सूची तैयार कर सार्वजनिक की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.