देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने वाले भाजपा कार्यकर्ता नवीन ठाकुर के प्रयासों की केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने सराहना की। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर शनिवार को केंद्रीय मंत्री ने नवीन ठाकुर से मुलाकात कर उनके अभियान का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान भी मौजूद रहे। नड्डा ने कहा कि साइकिल का उपयोग केवल ईंधन बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, बेहतर स्वास्थ्य और यातायात के दबाव को कम करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल अपनाएं तो इससे देश में ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
नवीन ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई 2026 को देशवासियों से पेट्रोल-डीजल के विवेकपूर्ण उपयोग और ईंधन बचाने की अपील की थी। इसी संदेश से प्रेरित होकर उन्होंने स्थानीय यात्राओं के लिए साइकिल को अपना नियमित परिवहन साधन बनाने का संकल्प लिया। अब तक वे लगभग चार हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी साइकिल से तय कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि सहसपुर, विकासनगर, डाकपत्थर और देहरादून स्थित भाजपा कार्यालय समेत आसपास के अधिकांश कार्यों के लिए वे साइकिल का ही उपयोग करते हैं। उनके घर से भाजपा प्रदेश कार्यालय की दूरी करीब 37 किलोमीटर है, जिसे वे नियमित रूप से साइकिल से तय करते हैं। इस दौरान प्रतिदिन लगभग 70 से 80 किलोमीटर तक साइकिल चलाकर संगठनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। उनका यह प्रयास समाज में ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संदेश देने का काम कर रहा है।