उत्तराखंड में शुरू होगा ‘खेत बचाओ, जीवन बचाओ’ अभियान, किसानों के लिए बनेगा बड़ा रोडमैप

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड सरकार प्रदेश में किसानों को सशक्त बनाने और कृषि भूमि के संरक्षण के उद्देश्य से जल्द ही ‘खेत बचाओ, जीवन बचाओ’ अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए राज्य सरकार भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड (इफको) के सहयोग से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगी।

सूबे के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित इफको मुख्यालय में इफको के अध्यक्ष दिलीप संघानी से मुलाकात कर कृषि और सहकारिता क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने, संतुलित उर्वरक उपयोग और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बदलती जलवायु परिस्थितियों और घटती कृषि भूमि को देखते हुए किसानों को टिकाऊ और वैज्ञानिक खेती पद्धतियों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से राज्यभर में ‘खेत बचाओ, जीवन बचाओ’ अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने इफको से उत्तराखंड में अपनी भागीदारी बढ़ाने और किसानों के हित में प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम तथा तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया। डॉ. रावत ने कहा कि कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और सहकारिता तंत्र को मजबूत करना आवश्यक है।

इफको के अध्यक्ष दिलीप संघानी ने राज्य सरकार के प्रस्ताव का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि इफको जल्द ही उत्तराखंड में एक बड़े किसान सम्मेलन का आयोजन करेगा। सम्मेलन में किसानों के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं, प्राकृतिक खेती के विस्तार और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

बैठक में इफको के प्रबंध निदेशक के.जे. पटेल, विपणन प्रबंधक योगेंद्र कुमार, उत्तराखंड से इफको निदेशक उमेश त्रिपाठी, प्रदीप चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.