मैनचेस्टर। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में मैदान पर उतरते ही वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गईं। यह रिकॉर्ड न केवल महिला क्रिकेट बल्कि पुरुष क्रिकेट के इतिहास में भी अब तक कोई खिलाड़ी हासिल नहीं कर सका था।
इंग्लैंड के मैनचेस्टर स्थित एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले जा रहे इस अहम मुकाबले में जैसे ही हरमनप्रीत कौर टॉस के लिए मैदान पर पहुंचीं, उनके नाम यह अनूठी उपलब्धि दर्ज हो गई। भारतीय टीम और क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह क्षण बेहद गौरवपूर्ण रहा।
इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हरमनप्रीत कौर को विशेष सम्मान दिया। टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने उन्हें टीम के सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली विशेष ‘200’ नंबर की जर्सी और स्मृति कैप भेंट की। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस उपलब्धि को साझा करते हुए लिखा कि यह सम्मान, प्यार और अविस्मरणीय यादों का पल है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ियों की सूची में हरमनप्रीत कौर के बाद न्यूजीलैंड की स्टार बल्लेबाज सूजी बेट्स दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 184 मुकाबलों में हिस्सा लिया है। वहीं पुरुष क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। उन्होंने भारत के लिए 159 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
हरमनप्रीत कौर का टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है। अपने 200वें मैच से पहले खेले गए 199 मुकाबलों में उन्होंने 4,123 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 17 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी कप्तानी और लगातार बेहतर प्रदर्शन ने भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह रिकॉर्ड उनके सफल करियर में एक और स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है।