नई दिल्ली स्टेशन से अगवा हुआ डेढ़ साल का मासूम कैसे मिला? 300 CCTV ने खोला राज

नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट स्थित वेटिंग हॉल से अगवा किए गए डेढ़ वर्षीय मासूम को दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक संगठित बच्चा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ गौरव, धर्मेंद्र, अकील, प्रीति शर्मा, पूजा, आरती, विशाल और जिया के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 24 मई की सुबह करीब 6:30 बजे गाजियाबाद निवासी 26 वर्षीय चंदा कुमारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने डेढ़ साल के बेटे कार्तिक के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के मुख्य हॉल में रात गुजार रही थीं। सुबह जब उनकी नींद खुली तो बेटा अपने स्थान पर नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने बच्चे के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से मदद मांगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर विश्वनाथ कैमरों की पासवान के नेतृत्व में एसआई दीप शर्मा, एएसआई बगीचा सिंह, संतोष, भरत सिंह और महिला कांस्टेबल बबीता, रीता तथा रितु ने जांच शुरू की। टीम ने स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन संदिग्ध लोग बच्चे को लेकर स्टेशन परिसर से बाहर जाते हुए दिखाई दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लेकर गाजियाबाद के कासिम विहार तक लगभग 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की। जांच में पता चला कि आरोपी पहले बैटरी रिक्शा से मोरी गेट पहुंचे, वहां से ऑटो के जरिए शास्त्री पार्क और फिर गाजियाबाद के कासिम विहार गए। बाद में वे दोबारा शास्त्री पार्क लौटे और ट्रक में लिफ्ट लेकर हरिद्वार भाग गए।

लगातार तकनीकी निगरानी और टीम की सतर्कता के चलते पुलिस ने मासूम कार्तिक को सुरक्षित बरामद कर लिया और बच्चा तस्करी से जुड़े पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य नेटवर्क और गतिविधियों की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.