PM Modi के 12 वर्ष पूरे: बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में गूंजे वैदिक मंत्र, महा-अभिषेक संपन्न

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। चारधाम समेत सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों में आयोजन किया गया...

 सुबह सूचना

चमोली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकतांत्रिक इतिहास में सर्वाधिक लंबे समय तक निर्वाचित शासनाध्यक्ष बने रहने और उनके नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर पूरा उत्तराखंड आध्यात्मिक रंग में सराबोर नजर आया। इस खास उपलब्धि के उपलक्ष्य में विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम और जोशीमठ के पौराणिक नरसिंह मंदिर में विशेष महा-अभिषेक, भव्य पूजा-अर्चना और हवन अनुष्ठान किए गए। मुख्य धर्माधिकारी स्वयंवर दत्त सेमवाल और वेदपाठियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीर्थ पुरोहितों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की मौजूदगी में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ यह धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।

राजनीतिक और प्रशासनिक विश्लेषकों की नजर में, भाजपा का यह राज्यव्यापी धार्मिक अभियान महज एक उत्सव नहीं, बल्कि देवभूमि के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष लगाव और उनके ‘मास्टरप्लान’ विजन को जनता के बीच री-ब्रांड करने की एक बड़ी कवायद है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और संगठन के रणनीतिकारों ने इसे भारत के स्वर्णिम दौर का आगाज बताते हुए कहा कि यह समय उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे (सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी) के अभूतपूर्व रूपांतरण को समर्पित रहा है।

पार्टी ने इस अवसर को एक व्यापक जनसंपर्क अभियान में बदलते हुए चारधाम सहित राज्य के सभी जिलों के प्रमुख धार्मिक स्थलों में विधानसभा स्तर तक विशेष पूजा और अरदास के कार्यक्रम सुनिश्चित किए हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अनुसार, केदारनाथ और बदरीनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य सीधे प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल रहे हैं, जो इस आध्यात्मिक आयोजन को एक मजबूत राजनीतिक और विकासात्मक विमर्श देता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.