देहरादून में शहरी विकास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने प्रदेश के नगर निकायों के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में आयोजित बैठक में प्रदेश के विभिन्न नगर निगमों के महापौर, नगर आयुक्त, विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में शहरी क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों के सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निकायों से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से लिया जाए।
उन्होंने कहा कि नगर निकायों के जनप्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। इसलिए उनकी बातों और अपेक्षाओं को प्राथमिकता के आधार पर संबोधित किया जाएगा, जिससे विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच सके।
स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश के नगर निकायों को 500 नए कूड़ा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही इन वाहनों की निगरानी और कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए एक विशेष मोबाइल एप भी शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में हाल ही में 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों में बेहतर सफाई व्यवस्था, प्रभावी कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना है।