मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद एक बार फिर अपने संवेदनशील और सामाजिक संदेश को लेकर चर्चा में हैं। महाराष्ट्र के सोलापुर स्थित प्रसिद्ध सिद्धेश्वर मंदिर के बाहर से साझा किए गए एक वीडियो में अभिनेता ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से स्थानीय छोटे व्यापारियों का समर्थन करने की अपील की है। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
सोनू सूद ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह सिद्धेश्वर मंदिर परिसर के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब भी वे मंदिर दर्शन के लिए आएं, तो यहां दुकान लगाने वाले छोटे दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों से सामान जरूर खरीदें। उन्होंने कहा कि इन व्यापारियों की रोजी-रोटी उनकी छोटी-छोटी बिक्री पर निर्भर करती है, इसलिए उनके साथ अनावश्यक मोलभाव करने से बचना चाहिए।
वीडियो के साथ सोनू सूद ने “हर-हर महादेव” लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। अभिनेता का यह संदेश सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है। बड़ी संख्या में लोगों ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया है। कई यूजर्स ने कहा कि छोटे कारोबारियों के समर्थन में इस तरह की पहल आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को प्रोत्साहन देने का काम करती है।
गौरतलब है कि सोलापुर का सिद्धेश्वर मंदिर महाराष्ट्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यह मंदिर 12वीं शताब्दी के संत और समाज सुधारक श्री सिद्धारामेश्वर से जुड़ा हुआ है। मंदिर की खासियत यह है कि यह सिद्धेश्वर झील के मध्य स्थित है, जो इसकी सुंदरता और धार्मिक महत्व को और बढ़ाती है। मंदिर परिसर में 68 शिवलिंग स्थापित हैं, जो श्रद्धालुओं की विशेष आस्था का केंद्र माने जाते हैं।
हर वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर यहां प्रसिद्ध ‘गद्दा यात्रा’ का आयोजन होता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। उल्लेखनीय है कि कोविड-19 महामारी के दौरान प्रवासी मजदूरों और जरूरतमंद लोगों की मदद कर सोनू सूद ने पूरे देश में एक अलग पहचान बनाई थी। आज भी वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहते हैं।