नौतपा बेअसर: उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न
देहरादून समेत पर्वतीय जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में जून के महीने में सूरज के तीखे तेवरों के बजाय मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है।देश के अन्य हिस्सों में जहां इस समय झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है, वहीं उत्तराखंड में इस साल नौतपा का असर महज एक से दो दिन ही देखने को मिला। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राज्य के पांच प्रमुख जिलों—देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और चमोली में भारी बारिश, ओलावृष्टि और कड़कड़ाती बिजली के साथ अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की गई है।
पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-थ मैदानी इलाकों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है, जिसकी गति कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस बेमौसम बदलाव के कारण पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों के तापमान में सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे स्थानीय निवासियों और चारधाम यात्रियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, मौसम विभाग ने यात्रियों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि तेज आंधी और ओलावृष्टि से कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने और संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर हल्के भूस्खलन के कारण सड़कें बाधित होने की आशंका है।