देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों और धार्मिक-पर्यटन स्थलों के उन्नयन को गति देने के लिए करीब 24 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से चम्पावत, पौड़ी और उत्तरकाशी जिलों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को नई ऊर्जा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध पूर्णागिरी मेले की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सेलागांव में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए 8.54 करोड़ रुपये की परियोजना के सापेक्ष प्रथम चरण में 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा मानस मंदिर माला मिशन के तहत श्री हनुमान गढ़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 4.91 करोड़ रुपये की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी स्थित पर्यटक आवास गृह खिर्सू के नवीनीकरण और उच्चीकरण के लिए 4.01 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इससे खिर्सू क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
जनपद उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता देते हुए न्याय पंचायत मुख्यालय जखोली-फिताड़ी स्थित श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 1.09 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं नौगांव विकासखंड में रंवाई घाटी के आराध्य देव श्री रुद्रेश्वर महाराज मंदिर, बिल्ला नौगांव के सौंदर्यीकरण के लिए 1.07 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने जिला कारागार पौड़ी में नवीन आवासीय भवन निर्माण के लिए 9.25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन भी दिया है। इस परियोजना से कारागार परिसर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों को राज्य में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारकर जनता को सीधा लाभ पहुंचाना है।