द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज में जल्द होगी बड़ी नियुक्ति, मंत्री ने अधिकारियों को दी सख्त समयसीमा

देहरादून। उत्तराखंड के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट में लंबे समय से नियमित कुलसचिव की नियुक्ति न होने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तकनीकी शिक्षा निदेशक को एक सप्ताह के भीतर कुलसचिव पद के लिए विज्ञप्ति जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने को कहा है।

अपने शासकीय आवास पर आयोजित तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डॉ. रावत ने कहा कि नियमित कुलसचिव के अभाव में संस्थान के प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका सीधा असर छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संस्थान में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इस पद पर जल्द नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न पॉलीटेक्निक कॉलेजों के छात्रावासों की स्थिति की भी समीक्षा की। कई छात्रावासों में मरम्मत और नवीनीकरण कार्यों में देरी पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

डॉ. रावत ने पॉलीटेक्निक संस्थानों में खेल सुविधाओं को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने खेल मैदानों के विकास, खेल सामग्री की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

समीक्षा बैठक में प्रत्येक जिले में एक मॉडल पॉलीटेक्निक संस्थान विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा विभिन्न तकनीकी संस्थानों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने तथा पदोन्नति के पात्र कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से पदोन्नत करने के निर्देश जारी किए गए।

मंत्री ने विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा डॉ. रंजीत सिन्हा, तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. तृप्ता ठाकुर, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.