चारधाम यात्रा पर सीएम धामी सख्त, रात में वाहनों की आवाजाही पर दिए कड़े निर्देश

 देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा संचालन का मूल मंत्र ‘सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद’ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के बेहतर समन्वय से यात्रा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जा सकता है।

सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने चारों धामों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए दर्शन व्यवस्था के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक यात्रा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर लगाए गए प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को केवल निर्धारित समय में ही अनुमति दी जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को यात्रा मार्ग, मौसम, यातायात, दर्शन व्यवस्था और संभावित अवरोधों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए एलईडी डिस्प्ले, सार्वजनिक सूचना प्रणाली, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप चैनल और एफएम रेडियो का प्रभावी उपयोग किया जाए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है, लेकिन अब यात्रा मानसून काल के अधिक चुनौतीपूर्ण चरण में प्रवेश कर रही है। ऐसे में सभी विभागों को अतिरिक्त सतर्कता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से प्राप्त शिकायतों और सुझावों की नियमित समीक्षा कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में यात्रा मार्गों पर संचालित होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए नियमित सैंपलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शुरुआती 44 दिनों में करीब 29.85 लाख श्रद्धालु धामों के दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में तीन लाख से अधिक है। बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.