13 हजार फीट की ऊंचाई पर दौड़े देशभर के धावक, नीति घाटी में शुरू हुई रोमांचक अल्ट्रा रन

 चमोली। उत्तराखंड के सीमांत और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ। पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

मंत्री ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और सीमा से जुड़े गांवों का विकास भी तेज होगा।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जा रहा है। पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी मार्ग पर 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 117 प्रतिभागियों ने भाग लिया। वहीं मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 धावकों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में 5, 10 और 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर की एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

इससे पहले शनिवार रात मलारी गांव में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध लोकगायक किशन महिपाल ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को उत्साह और लोक संस्कृति के रंगों से भर दिया। प्रतिभागियों और स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेना और आईटीबीपी के जवान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.