चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड! 17.51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून/श्री बदरीनाथ/केदारनाथ। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि अब तक श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में 17.51 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इनमें अकेले श्री केदारनाथ धाम में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मौसम की चुनौतियों के बावजूद दोनों धामों की यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब मौसम की स्थिति में प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ यात्रा को कुछ पड़ावों पर अस्थायी रूप से रोका जाता है, लेकिन यात्रा पर किसी प्रकार की स्थायी रोक नहीं लगाई गई है। मौसम अनुकूल होते ही यात्रा को पुनः सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन, प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वित सहयोग से तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हेमंत द्विवेदी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम संबंधी अपडेट अवश्य प्राप्त करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खराब मौसम की स्थिति में निर्धारित पड़ावों पर रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करें।

उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन, मंदिर समिति और विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयासों के कारण चारधाम यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन की लोकप्रियता और लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.