सोना-चांदी के दाम में बड़ी गिरावट, जानिए आज कितना सस्ता हुआ गोल्ड

घरेलू कमोडिटी बाजार में शुक्रवार को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत कमजोर रुख के साथ हुई, जिससे निवेशकों और खरीदारों की नजरें बाजार पर टिक गई हैं। खबर लिखे जाने तक 10 ग्राम सोने की कीमत 464 रुपए टूटकर 1,56,461 रुपए पर पहुंच गई, जबकि चांदी 1,044 रुपए गिरकर 2,68,493 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करती दिखाई दी।

देश के प्रमुख शहरों में भी सोने के दाम नरम रहे। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,56,200 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई, जबकि 22 कैरेट सोना 1,43,190 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोने का भाव 1,56,050 रुपए और 22 कैरेट सोना 1,45,090 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा। वहीं चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,58,170 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,100 रुपए गिरकर 1,61,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। हालांकि शादी सीजन और निवेशकों की लगातार मांग के कारण कीमतें अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया है। सुरक्षित निवेश के तौर पर डॉलर की मांग बढ़ने से सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। दूसरी ओर चांदी ने पिछले कुछ महीनों में निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है और मई महीने में ही इसकी कीमतों में 11 फीसदी से ज्यादा उछाल दर्ज किया गया।

बाजार जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में वैश्विक तनाव और डॉलर की चाल के आधार पर सोना-चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.