दिल्ली में शिवराज सिंह चौहान से मिले गणेश जोशी, किसानों को लेकर हुई बड़ी चर्चा

नई दिल्ली/देहरादून। गणेश जोशी ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उत्तराखंड में कृषि विकास, किसानों की सुविधाओं और आगामी खरीफ सत्र को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने राज्य में किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से राज्य के लिए घोषित 90 करोड़ रुपये की घेरबाड़ योजना की धनराशि में से पहली किश्त के रूप में 25 करोड़ रुपये जल्द जारी करने का आग्रह किया। बताया गया कि इस राशि का उपयोग किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने और कृषि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।

मुलाकात के दौरान गणेश जोशी ने केंद्रीय कृषि मंत्री को जून माह में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कृषक गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि आगामी कृषक गोष्ठी में प्रदेशभर के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नई योजनाओं और कृषि नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों, स्टार्ट-अप्स, उद्यमियों और विभागीय स्टॉलों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती, जैविक कृषि और तकनीकी संसाधनों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है।

इस मुलाकात को उत्तराखंड के कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्र से मिलने वाली सहायता और योजनाओं से राज्य के किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.