रामायण को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में जबरदस्त चर्चा तेज हो गई है। निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा इस मेगाबजट पौराणिक फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल करने की तैयारी में जुटे हैं। रिलीज से पहले ही फिल्म अपने विशाल बजट और रिकॉर्डतोड़ डील्स को लेकर सुर्खियों में आ गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो भागों में बनाई जा रही इस फिल्म के थिएट्रिकल और डिजिटल राइट्स को लेकर बड़े स्तर पर बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि फिल्म के हिंदी थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स के लिए करीब 450 करोड़ रुपये की मांग की गई है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यह डील 300 से 400 करोड़ रुपये के बीच भी फाइनल होती है, तो यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी थिएट्रिकल डील बन सकती है।
फिलहाल सबसे बड़ी डिस्ट्रीब्यूशन डील का रिकॉर्ड किंग के नाम माना जा रहा है, जिसके ऑल इंडिया राइट्स लगभग 250 करोड़ रुपये में बिकने की चर्चा है। ऐसे में ‘रामायण’ के लिए मांगी जा रही कीमत को बेहद ऐतिहासिक बताया जा रहा है।
सिर्फ थिएट्रिकल राइट्स ही नहीं, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी फिल्म की भारी मांग देखने को मिल रही है। खबरों के अनुसार, ने फिल्म के दोनों भागों के स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए लगभग 700 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था, लेकिन निर्माताओं ने इसे स्वीकार नहीं किया। माना जा रहा है कि मेकर्स डिजिटल राइट्स के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये तक की डील चाहते हैं।
करीब 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार हो रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट मानी जा रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाएंगे, जबकि यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि अगर फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरी, तो यह बॉक्स ऑफिस के कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है।