उन्नाव एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, पलभर में पलटी यात्रियों से भरी बस

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 पर हुआ।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में बिहार पुलिस के दारोगा रामचंद्र और कैदी छत्रपाल तोमर भी शामिल हैं। दारोगा रामचंद्र बिहार के सिवान जिले के निवासी थे और कैदी को लेकर कानूनी प्रक्रिया के सिलसिले में दिल्ली गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने या तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। तेज रफ्तार के कारण बस पलटते ही कई यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही यूपीडा की रेस्क्यू टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। मृतकों में सुरेश कुमार जायसवाल, विजेशी गुप्ता, विजय कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति भी शामिल हैं। कई घायल यात्री बिहार, गोरखपुर, बस्ती और कुशीनगर के बताए जा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की बात भी कही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.