लंदन। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक रहस्यमयी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के बीच डर और जिज्ञासा दोनों बढ़ा दिए हैं। वीडियो में एक व्यक्ति खुद को “टाइम ट्रैवलर” बताता है और दावा करता है कि वह साल 2050 की दुनिया देखकर लौटा है। उसका कहना है कि तीसरे विश्व युद्ध के बाद दुनिया पूरी तरह तबाह हो चुकी है और बड़े-बड़े शहर वीरान नजर आते हैं।
यह वीडियो एक टिकटॉक अकाउंट से शेयर किया गया है, जहां पहले भी एआई तकनीक और एडिटिंग से जुड़े कई रहस्यमयी वीडियो पोस्ट किए जा चुके हैं। हालांकि इस बार सामने आए वीडियो ने इंटरनेट यूजर्स का खास ध्यान खींचा है। वीडियो की शुरुआत Eiffel Tower से होती है, जहां कथित टाइम ट्रैवलर जंग लगा और सुनसान एफिल टॉवर दिखाता है। आसपास कोई इंसान दिखाई नहीं देता और सड़कें पूरी तरह खाली नजर आती हैं।
वीडियो में आगे Notre-Dame de Paris को भी दिखाया गया है, जो टूटी-फूटी हालत में नजर आता है। इमारतों पर बेलें उगी हुई दिखाई देती हैं और सड़कों पर घास फैली हुई है, मानो वर्षों से वहां कोई नहीं पहुंचा हो। वीडियो का माहौल और डरावना बनाने के लिए धीमा और भयावह संगीत भी जोड़ा गया है।
इसके बाद वीडियो रूस के एक सैन्य एयरबेस की ओर बढ़ता है, जहां टूटे हुए विमान और गोलियों के निशान दिखाई देते हैं। वीडियो में दावा किया गया है कि तीसरे विश्व युद्ध के बाद यह एयरबेस पूरी तरह बर्बाद हो गया। एक दृश्य में रेगिस्तान के बीच फंसा विशाल जहाज भी दिखाया गया है, जिसके आसपास सिर्फ सूखी जमीन नजर आती है।
हालांकि सोशल मीडिया पर कई लोग इस वीडियो को एआई तकनीक और एडिटिंग का कमाल बता रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि वीडियो केवल मनोरंजन और लोगों का ध्यान खींचने के उद्देश्य से बनाया गया हो सकता है। इसके बावजूद यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं। कुछ लोग इसे दिलचस्प मान रहे हैं, जबकि कई यूजर्स भविष्य को लेकर चिंता भी जता रहे हैं।