After Header-1

CM धामी ने खोला विकास का खजाना, सड़कों और जनसुविधाओं के लिए 20.79 करोड़ मंजूर

देहरादून। Pushkar Singh Dhami ने राज्य के विभिन्न जिलों में सड़क, आवास और जनसुविधाओं से जुड़ी विकास योजनाओं के लिए 20.79 करोड़ रुपये की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। इन योजनाओं के पूरा होने से लोगों को बेहतर आवागमन, आधुनिक सुविधाएं और विकास के नए अवसर मिलेंगे।

सरकार द्वारा जनपद चम्पावत के टनकपुर में न्यायिक अधिकारियों के लिए आवास निर्माण हेतु 1.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत पहली किश्त के रूप में 77.61 लाख रुपये जारी किए गए हैं। वहीं होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय के कार्यालय भवन निर्माण के लिए 2.24 करोड़ रुपये की योजना में पहली किश्त के रूप में 89.80 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा टिहरी गढ़वाल के थौलधार क्षेत्र में कमान्द-थौलधार मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए 3.52 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बागेश्वर जिले के गरुड़ ब्लॉक में बिनातोली से गरकोट तक सड़क निर्माण के लिए 4.01 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

Uttarakhand के पौड़ी गढ़वाल जिले में चपलोडी-फल्द्वाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधार कार्य के लिए 2.22 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में दूनीखाल-रातीघाट पैदल मार्ग के सीसी और सुधारीकरण कार्य हेतु 4.01 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

देहरादून में राष्ट्रीय राजमार्ग-72 से गुलर स्पोर्ट्स स्टेडियम होते हुए रायपुर तक चार लेन एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर निर्माण कार्य के लिए भी 1.03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा पौड़ी जिले के बिल्केदार-गौरीकोट मोटर मार्ग सुधार कार्य के लिए 3.67 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने चमोली, उधमसिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में पुरुष, महिला, ट्रांसजेंडर और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय निर्माण हेतु 66 लाख रुपये से अधिक की राशि भी मंजूर की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.