सूरत। गुजरात पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर Anand Singh उर्फ ‘शोले सिंह’ को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से यूपी पुलिस और एसटीएफ को चकमा दे रहा आरोपी सूरत में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसे पलसाणा इलाके से दो देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, जौनपुर निवासी आनंद सिंह ने अपराध की दुनिया में अपना दबदबा कायम करने के लिए “शोलेसिंह जौनपुर वाला गैंग” बनाया था। बॉलीवुड फिल्म *शोले* से प्रभावित होकर उसने अपना नाम ही ‘शोले सिंह’ रख लिया था। उसका गैंग जौनपुर और प्रतापगढ़ के व्यापारियों, डॉक्टरों और बिल्डरों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगता था।
सूरत के एडिशनल पुलिस कमिश्नर Karansingh Vaghela ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के पांच गंभीर मामलों में वांछित था। इनमें हत्या के प्रयास, धमकी और रंगदारी जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। वर्ष 2025 में उसने बदला लेने के लिए एक घर पर फायरिंग की थी। वहीं एक डॉक्टर से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं मिलने पर गोली मारने का आरोप भी उस पर है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि शोले सिंह बेहद शातिर तरीके से पुलिस से बचता था। वह जहां रहता था वहां मोबाइल बंद रखता था। रंगदारी के लिए कॉल करने से पहले वह 50 से 100 किलोमीटर दूर जाकर नया सिम कार्ड खरीदता और कॉल के बाद उसे फेंक देता था, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके।
गैंग की दहशत फैलाने के लिए वह सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल करता था। फायरिंग के वीडियो बनाकर उन्हें बैकग्राउंड म्यूजिक और एडिटिंग के साथ वायरल करवाया जाता था, जिससे इलाके में डर का माहौल बना रहे।
यूपी पुलिस ने उस पर कुल 1.50 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। कई महीनों की निगरानी और तकनीकी जांच के बाद सूरत क्राइम ब्रांच ने खटोदरा स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के पास ऑपरेशन चलाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।