देहरादून में प्ले स्कूल की आड़ में चल रहा था बड़ा खेल! पुलिस छापे से मचा हड़कंप

देहरादून। राजधानी देहरादून के कैंट क्षेत्र में एक प्ले ग्रुप स्कूल की आड़ में कथित तौर पर चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। Dehradun के किशन नगर एक्सटेंशन इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन युवतियों को मौके से मुक्त कराया गया।

पुलिस के अनुसार, स्कूल परिसर के पिछले हिस्से में किराये के कमरों में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। स्थानीय लोगों ने पिछले कई महीनों से देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही की शिकायत की थी। शुरुआत में किसी को संदेह नहीं हुआ क्योंकि सामने के हिस्से में प्ले ग्रुप स्कूल चल रहा था, लेकिन गतिविधियां बढ़ने के बाद लोगों ने जनप्रतिनिधियों और पुलिस से शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापा मारा। मौके से शराब की बोतलें, दवाइयां, आपत्तिजनक सामग्री, कंडोम, मेमोरी कार्ड, पेन ड्राइव और लेन-देन से जुड़ी एक डायरी बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि डायरी में कथित तौर पर हिसाब-किताब और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दर्ज मिली है।

कार्रवाई के दौरान राजस्थान निवासी आशीष पांडे और जंग बहादुर को हिरासत में लिया गया। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मौके से मिली युवतियां मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली क्षेत्र की रहने वाली हैं। पुलिस को आशंका है कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर देहरादून लाया गया था। बरामद डिजिटल डिवाइस की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ग्राहकों की पहचान की जा सके।

घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.