नेपाल यात्रा को लेकर फैली अफवाहों पर बड़ा खुलासा, भारतीय पर्यटकों के लिए नहीं बदले नियम

काठमांडू। नेपाल में भारतीय पर्यटकों के प्रवेश को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्मों पर फैलाई जा रही खबरों को नेपाल पर्यटन बोर्ड ने पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भारतीय नागरिकों के लिए यात्रा नियमों में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है और नेपाल आने पर किसी अतिरिक्त प्रतिबंध की व्यवस्था लागू नहीं हुई है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि कुछ रिपोर्टों में दावा किया जा रहा था कि भारतीय पर्यटकों के लिए नेपाल में प्रवेश के समय अनिवार्य पहचान पत्र, 30 दिन की यात्रा सीमा और अधिक समय रुकने पर वाहनों की जब्ती जैसे नए नियम लागू किए गए हैं। बोर्ड ने इन दावों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि ऐसी सूचनाएं केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही हैं।

बोर्ड के अनुसार नेपाल और भारत के बीच वर्षों पुरानी खुली सीमा व्यवस्था पहले की तरह जारी है। दोनों देशों के बीच हुए द्विपक्षीय समझौतों में भी किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। नेपाल सरकार ने साफ कहा है कि भारतीय पर्यटक पहले की तरह बिना किसी नई पाबंदी के नेपाल यात्रा कर सकते हैं।

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने यह भी बताया कि हाल ही में विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए एक नई ऑनलाइन प्रणाली शुरू की गई है। इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए निजी वाहनों से नेपाल आने वाले विदेशी नागरिक अस्थायी प्रवेश अनुमति और आवश्यक राजस्व भुगतान की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी कर सकेंगे। इसका उद्देश्य सीमा पर यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करना और यात्रा प्रक्रिया को आसान बनाना है।

बोर्ड ने मीडिया संस्थानों, पर्यटन कारोबारियों और आम लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और केवल नेपाल सरकार तथा नेपाल पर्यटन बोर्ड के आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी को ही सही मानें।

नेपाल ने दोहराया कि भारतीय पर्यटकों सहित दुनिया भर से आने वाले यात्रियों के लिए देश पूरी तरह सुरक्षित, मैत्रीपूर्ण और स्वागतयोग्य बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.