देहरादून। मेहनत, अनुशासन और लगन हो तो सफलता हर क्षेत्र में हासिल की जा सकती है। देहरादून स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल की छात्रा शांभवी रौथान ने इसी बात को सच साबित कर दिखाया है। शांभवी ने एक ओर जहां सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार अंक हासिल किए, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया है।
शांभवी ने CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा में 83.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने खेल के क्षेत्र में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि को लेकर विद्यालय परिवार और परिजन बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं।
बैडमिंटन कोर्ट पर शांभवी ने कई बड़ी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। योनेक्स सनराइज ऑल इंडिया रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इसके अलावा 24वीं उत्तराखंड राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025, अल्मोड़ा में महिला डबल्स में सेमीफाइनल तक पहुंचीं और गर्ल्स डबल्स अंडर-19 वर्ग में उपविजेता रहीं।
ईस्ट ज़ोन इंटर-स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025, जमशेदपुर में भी शांभवी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अंडर-19 टीम इवेंट में विजेता बनने के साथ-साथ गर्ल्स डबल्स अंडर-19 में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
विद्यालय प्रबंधन ने शांभवी की सफलता को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया है। शिक्षकों का कहना है कि उन्होंने खेल और पढ़ाई के बीच बेहतरीन संतुलन बनाकर यह साबित किया है कि सही समय प्रबंधन और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
शांभवी रौथान की उपलब्धियां आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि शिक्षा और खेल दोनों में एक साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करना पूरी तरह संभव है।