जम्मू-कश्मीर में चूना पत्थर के 12 ब्लॉक की ई-नीलामी शुरू, निवेशकों में बढ़ी हलचल

श्रीनगर,  जम्मू-कश्मीर में खनन और औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए खान मंत्रालय ने चूना पत्थर (लाइमस्टोन) के 12 ब्लॉकों की ई-नीलामी का दूसरा चरण शुरू कर दिया है। श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम में खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल ने इस प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस दूसरे चरण में ऐसे ब्लॉकों को शामिल किया गया है जिन्हें हाल ही में चिन्हित किया गया है, वहीं कुछ ब्लॉकों को दूसरी बार नीलामी के लिए रखा गया है। मंत्रालय का मानना है कि इस पहल से जम्मू-कश्मीर में खनिज आधारित उद्योगों को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम के दौरान सचिव पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार ने खनन क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। उन्होंने बताया कि ई-नीलामी व्यवस्था से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और व्यापार करने में आसानी होगी।

मंत्रालय के अनुसार, अनंतनाग, राजौरी और पुंछ जिलों में फैले इन 12 चूना पत्थर ब्लॉकों को ट्रेंच-II के तहत नीलामी के लिए रखा गया है। ये ब्लॉक खनिज (नीलामी) नियम 2015 के संशोधित प्रावधानों के अनुरूप तैयार किए गए हैं। इनमें कुछ नए ब्लॉक हैं, जबकि कुछ ऐसे ब्लॉक हैं जिन्हें पहले चरण में अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण दोबारा नीलामी में शामिल किया गया है।

इन खदानों को संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क वर्गीकरण (यूएनएफसी) के जी-3 और जी-4 श्रेणी में रखा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि सीमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की कंपनियां इन ब्लॉकों में खास रुचि दिखा सकती हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस नीलामी से जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.