मुंबई,पुलिस ने करोड़ों रुपये का मेफेड्रोन (एमडी) और भारी मात्रा में रासायनिक पदार्थ जब्त किए हैं। मीरा-भायंदर-वसई-विरार (एमबीवीवी) अपराध शाखा की कार्रवाई में कुल 13.65 करोड़ रुपये का मुद्देमाल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए रसायनों की कीमत भले ही लगभग 4 लाख रुपये थी, लेकिन इनसे करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य का एमडी तैयार किया जा सकता था। कार्रवाई के दौरान 6.773 किलोग्राम तैयार मेफेड्रोन भी बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत 13.61 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस मामले में अब तक दो महिलाओं सहित 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ मुंबई पुलिस ने नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, जांच की शुरुआत 4 अप्रैल को मीरा रोड इलाके से हुई थी। उस दौरान पुलिस ने फिरदौस अरबाज कुरेशी नाम की महिला के पास से 2.66 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी बरामद की थी। इसके बाद महिला और उसके पति अरबाज वकील कुरेशी से गहन पूछताछ की गई, जिसमें पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच के आधार पर पुलिस ने मालवणी के समान नगर, आज़मी नगर और गोराई क्षेत्रों में छापेमारी की। यहां से पुलिस को 255 लीटर रासायनिक पदार्थ, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, क्लोरोफॉर्म और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई लैब उपकरण मिले। इनमें हीटिंग मेंटल, फ्लास्क और अन्य तकनीकी उपकरण शामिल हैं।
पुलिस का मानना है कि यह गिरोह मुंबई महानगर क्षेत्र में सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई करता था। मामले की जांच जारी है और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।