तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय ने शनिवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालते ही बड़े जनहित फैसलों का ऐलान कर दिया। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने राज्य के हर घर को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित करने संबंधी फाइलों पर हस्ताक्षर किए। विजय के इन फैसलों को जनता से किए गए वादों की शुरुआत माना जा रहा है।
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं के नारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। इस मौके पर विजय के पिता और फिल्म निर्देशक एस. ए. चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा भी भावुक नजर आए।
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने सचिवालय पहुंचने से पहले ही जनता के बीच मंच पर फाइलों पर हस्ताक्षर कर एक अलग संदेश देने की कोशिश की। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘सिंगप्पेन स्पेशल टास्क फोर्स’ के गठन और नशा विरोधी अभियान से जुड़ी फाइलों को भी मंजूरी दी।
अपने संबोधन में विजय ने कहा कि वह गरीबी और संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा, “मैं किसी राजघराने से नहीं आया हूं, मैं आपमें से ही एक हूं।” उन्होंने राजनीति में आने का उद्देश्य जनता का कर्ज चुकाना बताया और कहा कि लोगों के प्यार और भरोसे ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
विजय की पार्टी टीवीके ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं। कांग्रेस, वीसीके और वामदलों के समर्थन से पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार किया। शपथ समारोह में राहुल गांधी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विजय ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने और पारदर्शिता के साथ काम करने का भरोसा दिया। उन्होंने पिछली सरकार पर राज्य पर भारी कर्ज छोड़ने का आरोप भी लगाया।