Dehradun में वीकेंड पर बढ़ने वाली पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही को देखते हुए देहरादून पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 9 मई से 10 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने शहर और मसूरी मार्ग पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर Dehradun Police द्वारा एसपी सिटी और एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में विशेष ड्यूटी प्वाइंट तैयार किए गए हैं। आशारोड़ी और डोईवाला से मसूरी तक आने-जाने वाले पूरे मार्ग को 5 सुपर जोन, 10 जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
इस विशेष ट्रैफिक प्लान के तहत कुल 180 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था पर नजर रखने के लिए तीन अलग-अलग ड्रोन टीमों को भी लगाया गया है। ये टीमें मसूरी, देहरादून शहर और मसूरी मार्ग के प्रमुख रूटों की लगातार निगरानी करेंगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त यातायात कर्मियों को तैनात किया गया है ताकि जाम की स्थिति न बने और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
हर डायवर्जन प्वाइंट और ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा ताकि मसूरी और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे।
पुलिस ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़े न करें और यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सहयोग करें।
वीकेंड के दौरान मसूरी, ऋषिकेश और चकराता जैसे पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यह ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।