देहरादून। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री Dhan Singh Rawat 4 और 5 मई को अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे नगर निगम श्रीनगर और विकासखण्ड खिर्सू के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और आम जनता से सीधे संवाद स्थापित करेंगे।
मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं का जायजा लेना और जनता की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे।
4 मई को वे श्रीनगर में पुलिस विभाग के सभागार में नगर निगम की समीक्षा बैठक लेंगे। इस बैठक में पेयजल व्यवस्था, बाढ़ सुरक्षा, सीवर लाइन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद वे पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके साथ ही मंत्री कोठगी में आयोजित पारंपरिक ‘कठबद्दी मेला’ में भी भाग लेंगे और खण्डखिल, चोपड़ा, छोया-बग्याली व चैंरीखाल-गोदा सहित कई क्षेत्रों में जनसंपर्क कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। दौरे के दौरान वे बूंखाल-कालिंका मंदिर में दर्शन कर वहां चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे।
5 मई को डॉ. रावत विकासखण्ड खिर्सू में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें विभिन्न विभागों—कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, सहकारिता और पर्यटन—के अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति पर चर्चा होगी। इसके बाद वे कठुली में राजकीय इंटर कॉलेज में विज्ञान प्रयोगशाला और सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
दौरे के दौरान मंत्री सिंगोरी, मिदाणगांव, थापला, चिमन्यूं, जाख, असिंगी, दांदणी, चमराडा, नयालगढ़ और खालू समेत कई गांवों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे।